चम्पावत में 23 अक्टूबर से होगी ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच, डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा

खबर शेयर करें 👉

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगी जाँच प्रक्रिया, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश

चम्पावत, 20 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 23 अक्टूबर से शुरू होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच (एफएलसी) की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को एफएलसी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश निर्धारित स्थानों पर स्पष्ट रूप से चस्पा करने तथा जाँच प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में होने वाली जाँच के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।

पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर रहेगा जोर

ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच के अंतर्गत अधिकृत तकनीकी अभियंताओं द्वारा मशीनों की भौतिक स्थिति और कार्यप्रणाली की जाँच की जाती है। इस प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का भी किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, नोडल अधिकारी ईवीएम विमल कुमार सूठा सहित संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

— हिमालय समाचार> सम्पादक देवेन्द्र यादव

Ad