टनकपुर, (चम्पावत), 03 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत टनकपुर पहुंचे। टनकपुर पहुंचने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स हॉस्टल पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद स्थानीय लोगों से मुलाकात करते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर आमजन से सीधा संवाद किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री नवयुवक रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पारंपरिक छोलिया नृत्य के साथ स्थानीय लोगों एवं रामलीला कमेटी की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। इस दौरान बाबा नीम करौली महाराज पर आधारित भक्ति संगीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे भगवान, सागर में नैया डार देई’ भी सुना। बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भक्ति और उल्लास का माहौल बना दिया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन अपने आप में दिव्य अवसर है। मां पूर्णागिरि और मां शारदा की पावन धरती पर ऐसे धार्मिक आयोजनों का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराएं और उत्सव समाज को जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास के साथ धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को आगे बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि टनकपुर में करीब 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आईएसबीटी, शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, गोल्ज्यू कॉरिडोर तथा मां पूर्णागिरि क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ककराली गेट से धाम की ओर करीब 8.10 करोड़ रुपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके साथ ही सड़क, परिवहन, पर्यटन, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ का संकल्प जनपद के समग्र विकास से जुड़ा है। सरकार का प्रयास है कि चम्पावत की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और पर्यटन संभावनाओं को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए विकास को आगे बढ़ाया जाए, ताकि इसका लाभ आमजन और स्थानीय युवाओं तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, किरन देवी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, महिला युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, कथा व्यास देवी दिव्यांशी किशोरी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



