नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज, मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का ऐलान
टनकपुर। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के बैनर तले उत्तराखंड परिवहन निगम के संविदा एवं विशेष श्रेणी के कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना टनकपुर में आठवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबे समय से कार्यरत संविदा एवं विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को नियमित करना, नियमितीकरण होने तक समान कार्य के लिए समान वेतन देना तथा निगम में 700 नई बसों की खरीद और उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है।
इसके अलावा संघ ने प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, अन्य राज्यों के परिवहन निगमों की तर्ज पर कर्मचारियों को सुविधाएं देने और निगम की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
संघ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पूर्व में भी शासन और निगम प्रबंधन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। संगठन ने शासन और निगम प्रबंधन से मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगों का समाधान होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।
हिमालय समाचार | सम्पादक – देवेन्द्र यादव



