
बनबसा/टनकपुर। मिलिट्री इंजीनियर सर्विस (MES) में नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को बनबसा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35 फर्जी नियुक्ति व जॉइनिंग लेटर, ‘AGE MES BANBASA’ की मोहर, स्टांप पैड और कूटरचित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस को एक आरोपी के मोबाइल से लाखों रुपये के लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं।
मामला टनकपुर निवासी गुरु शरण सिंह की शिकायत के बाद सामने आया। उन्होंने पुलिस को बताया कि बनबसा के भजनपुर निवासी धीरज सक्सेना और धारचूला निवासी गणेश बहादुर ने MES में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे ₹5 हजार नकद और ₹1.40 लाख ऑनलाइन/UPI के जरिए लिए। इसके बाद फर्जी नियुक्ति पत्र देकर उन्हें 28 सितंबर को बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए आर्मी एरिया बनबसा के पास बुलाया गया।मौके पर पहुंचे पीड़ित को कई अन्य युवक भी मिले, जिन्होंने आरोपियों द्वारा नौकरी के नाम पर पैसे लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने की जानकारी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, ‘AGE (MES) BANBASA’ की मोहर, स्टांप पैड, नमूना मोहर, 35 नियुक्ति/जॉइनिंग लेटर, मेडिकल प्रमाण पत्र, कूटरचित दस्तावेज, महिला-पुरुषों के फोटो और TVS Wego स्कूटी बरामद की है।प्रारंभिक जांच में धीरज सक्सेना के मोबाइल से लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब ठगी के अन्य पीड़ितों और मामले से जुड़े संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


