टनकपुर में मनाई गई डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती, विद्यार्थियों को दी गई विधिक जानकारी

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर। 15 अक्टूबर 2026 को एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज टनकपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के सचिव के दिशा-निर्देशों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाते हुए विद्यार्थियों को विधिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल जज जूनियर डिवीजन रुचिका नरूला ने किया, जबकि अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. हरद्वारी लाल मंडोरिया ने की।

सिविल जज रुचिका नरूला ने कहा कि डॉ. कलाम के विचारों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, विज्ञान, स्वच्छता और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

पीएलवी अधिकार मित्र बिजेंद्र अग्रवाल ने डॉ. कलाम के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा, वैज्ञानिक उपलब्धियों और देश के प्रति उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अखबार बेचकर जीवन की शुरुआत करने वाले डॉ. कलाम ने अपनी मेहनत और लगन से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचकर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी राजन, हिमांशु, गणेश बोहरा, पुलिस विभाग के कर्मचारी, विद्यालय के अध्यापक, गणमान्य व्यक्ति तथा पीएलवी और प्रो बोनो पीएलवी मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता बढ़ाने और डॉ. कलाम के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Ad