
टनकपुर : 09 सितंबर 2026,।आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में ‘चंपावत के समस्त नगर निकायों में लोक कल्याण मेला’ अभियान के तहत नगर पालिका परिषद टनकपुर द्वारा नगर पालिका के सीएलसी सेंटर में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया।
मेले का उद्देश्य नगर क्षेत्र के नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद टनकपुर के पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
मेले में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को विशेष रूप से प्रमुखता दी गई। छोटे व्यापारियों एवं स्ट्रीट वेंडर्स को योजना के तहत उपलब्ध ऋण सुविधा, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने तथा क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में भी नागरिकों को जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य बीमा, वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना, शिक्षा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई। मेले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि पात्र नागरिक केवल जानकारी के अभाव में किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहें।इस अवसर पर कहा गया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को उनसे जोड़ने में मदद मिलती है। लोक कल्याण मेला नगर पालिका परिषद टनकपुर की नागरिकों को जागरूक एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।



