
टनकपुर, 18 अक्टूबर। जनपद चम्पावत में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी, एएनटीएफ और टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 1.104 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक और उसकी सगी मामी शामिल हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,150 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।बिचई रेलवे अंडरपास के पास हुई कार्रवाईपुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में 17 अक्टूबर 2026 को नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 5:20 बजे ग्राम बिचई स्थित रेलवे अंडरपास के उत्तरी छोर पर चेकिंग के दौरान टीवीएस मोटरसाइकिल संख्या UK06 BJ 5542 को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार जसपाल वर्मा निवासी बंडिया भट्टा, थाना किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर और उसकी मामी रेशमवती निवासी ग्राम बैटरा, थाना रिसौली, जनपद बदायूं, उत्तर प्रदेश के कब्जे से 1.104 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।बरेली से अफीम लाने की बात आई सामनेपुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान रेशमवती ने अफीम अपने रिश्तेदार विनोद लोधी निवासी सिरौली, जनपद बरेली से खरीदकर लाने की बात बताई। साथ ही नेपाल सीमा पर एक नेपाली व्यक्ति को अफीम बेचने के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। पुलिस इस मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्जदोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली टनकपुर में मुकदमा संख्या 67/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।संयुक्त पुलिस टीम में ये रहे शामिलइस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, एएनटीएफ प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र डंगवाल, कांस्टेबल उमेश राज, ललित कुमार, संजय कुमार, राजकुमार, कुलदीप सिंह, सूरज कुमार और महिला कांस्टेबल शोभा शर्मा शामिल रहे।पुलिस ने आमजन से की अपीलचम्पावत पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।


