ड्रग फ्री देवभूमि को लेकर चम्पावत में सख्ती, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

खबर शेयर करें 👉

चम्पावत, 19 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग फ्री देवभूमि” संकल्प और “नशा मुक्त भारत” अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार और नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण समेत सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान को भी व्यापक बनाया जाए। विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अगस्त तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 51 मामलों में 69 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इस दौरान 1000.66 ग्राम हेरोइन/स्मैक, 391 नशीले इंजेक्शन, 3417 नशीले कैप्सूल, 10 सिरप और 6.354 किलोग्राम चरस बरामद की गई। वहीं, अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत संयुक्त टीमों ने वर्ष 2026 में अब तक 445 नाली क्षेत्र में की जा रही अवैध भांग की खेती नष्ट की है।जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित नशामुक्ति केंद्रों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को केंद्रों में आवश्यक सामग्री, उपकरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने और नशीले पदार्थों की बिक्री व तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आमजन से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील करते हुए अवैध मादक पदार्थों से संबंधित सूचना टोल-फ्री नंबर 1933 अथवा ‘मानस पोर्टल’ के माध्यम से देने को कहा।पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने ऑनलाइन माध्यम से नशीले पदार्थों की डिलीवरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी विभाग को पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाने तथा एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय सहित पुलिस, आबकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Ad