
टनकपुर (चम्पावत)। दयानन्द इंटर कॉलेज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर विद्यालय परिसर में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता कर सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। आकर्षक वेशभूषा और जीवंत प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने जमकर प्रशंसा की।विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से सत्य, धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया गया।विद्यालय के प्रबंधक मनुश्रवा आर्य ने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और उनके द्वारा दिए गए कर्मयोग के संदेश को जीवन में उतारने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि सभी को श्रीकृष्ण के पदचिह्नों पर चलने तथा उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।



