
टनकपुर (चम्पावत)। मोहर्रम के अवसर पर टनकपुर के वार्ड नंबर 04 स्थित रेलवे गफूर बस्ती से पारंपरिक ताज़िये का जुलूस श्रद्धा और अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और “या हुसैन” की सदाओं के बीच मातमी माहौल में ताज़िये को नगर के निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला तक ले जाया गया।
प्रचंड गर्मी के बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा शर्बत और पेयजल सहित जलपान की व्यवस्था की गई, जिससे जुलूस में शामिल लोगों को राहत मिली।
मोहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा अधिकारी भी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
अंत में धार्मिक परंपरा के अनुसार कर्बला पहुंचकर ताज़ियों को पूरे सम्मान और अकीदत के साथ सुपुर्द-ए-खाक (दफ़न) किया गया। पूरे आयोजन के दौरान आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश देखने को मिला।


