नशा करने से रोकने पर विवाद, सद्दाम पर बंका-कुल्हाड़ी से हमला; 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें 👉

खटीमा। इस्लाम नगर में युवक पर हुए जानलेवा हमले का खटीमा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बंका और छोटी कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वार्ड नंबर-8 इस्लाम नगर निवासी सद्दाम (32) पर हमला किया गया था। आरोप है कि छोटी कुल्हाड़ी और बंका से किए गए हमले में उसके सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

नशा करने से रोकने पर हुआ विवाद

मामले में सद्दाम के भाई दिलशाद ने 30 सितंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर दी। तहरीर के अनुसार, सद्दाम ने मोहल्ले में कुछ लोगों को नशा करने से रोका था और इससे माहौल खराब होने की बात कही थी। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि फरमान ने बंका और आदिल ने कुल्हाड़ी से सद्दाम पर हमला किया, जिससे उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना का एक वीडियो भी स्थानीय व्यक्ति द्वारा बनाए जाने की बात सामने आई है, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

SSP के निर्देश पर पुलिस ने की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश और सुरागरसी-पतारसी शुरू की।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कुनाल मार्केट के पीछे खाली मैदान के पास से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद 1 अक्टूबर को उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बंका और कुल्हाड़ी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी

  1. फरमान पुत्र पप्पू, उम्र करीब 33 वर्ष, निवासी इस्लाम नगर, खटीमा।
  2. साहिल पुत्र पप्पू, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी इस्लाम नगर, खटीमा।
  3. आदिल पुत्र पप्पू, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी इस्लाम नगर, खटीमा।

पुलिस के मुताबिक, मामले में मु0अ0सं0 300/2026 के तहत धारा 109, 351(2), 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, व0उ0नि0 केसी आर्य, उपनिरीक्षक विजय बोहरा, कांस्टेबल मोहन बोरा, नरेंद्र टम्टा और देवेंद्र सिरोला।

Ad