
टनकपुर, (चंपावत,) 3 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को टनकपुर क्षेत्र के नायकखेड़ा में ‘नायकखेड़ा पारिस्थितिक गलियारा परियोजना’ के तहत निर्माणाधीन बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किरोड़ा नाले का भी निरीक्षण कर अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नायकखेड़ा क्षेत्र बाढ़ की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील रहा है। क्षेत्र को आपदा-रोधी बनाने और बाढ़ के जोखिम को कम करने के उद्देश्य से ₹85.23 करोड़ की लागत से महत्वाकांक्षी परियोजना पर कार्य किया जा रहा है।

परियोजना के तहत 3.7 किलोमीटर लंबी बाढ़ सुरक्षा दीवार, 1000-1000 मीटर लंबी दो डायाफ्राम दीवारों तथा आवागमन को सुगम बनाने के लिए 950 मीटर लंबी दो-लेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की करीब 33.5 हेक्टेयर भूमि का पुनरुद्धार संभव हो सकेगा।
मंत्री ने बताया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए करीब 30 एकड़ क्षेत्र में ग्रीन जोन, लैंडस्केप, एडवेंचर जोन और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नायकखेड़ा में पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों की संभावनाओं को देखते हुए यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा के साथ पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत ढांचे में सुधार होने से क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सुभाष चंद्र पांडेय, अधीक्षण अभियंता एच.सी. सिंह, अधिशासी अभियंता आर.डी. भट्ट, अपर सहायक अभियंता राम नवीश सिंह राणा, सहायक अभियंता वैभव सिंघल, अपर सहायक अभियंता नीतू जोशी सहित विजय सिंह राणा, सतीश कुमार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



