
टनकपुर, भारत सरकार की मंशा एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा पेट्रोलियम उत्पादों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में विशेष जांच अभियान चलाया गया।अभियान के तहत पूर्ति विभाग, विधिक माप विज्ञान (बाट-माप) विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जनपद के विभिन्न पेट्रोल पंपों एवं ईंधन बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।जांच के दौरान टीम ने घटतौली, अवैध भंडारण, जमाखोरी एवं पेट्रोल-डीजल में मिलावट की संभावनाओं को लेकर सघन जांच की।

टीम द्वारा पेट्रोल पंपों पर स्थापित डिस्पेंसिंग यूनिटों की तकनीकी जांच के साथ ईंधन की गुणवत्ता एवं घनत्व (डेंसिटी) का भी परीक्षण किया गया। वहीं, विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा मापक यंत्रों की प्रमाणिकता एवं सीलिंग की स्थिति की जांच की गई। पुलिस विभाग द्वारा पेट्रोल पंप परिसरों में सुरक्षा मानकों एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया गया।पूर्ति विभाग ने बताया कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।निरीक्षण के दौरान पूर्ति निरीक्षक सहित पुलिस, राजस्व एवं विधिक माप विज्ञान विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



