(चम्पावत),बनबसा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट एवं पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम, लगन और समर्पण का सम्मान है। खेल किट खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान युवा ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की नींव हैं।आदर्श चम्पावत के लक्ष्य को लेकर सरकार प्रतिबद्धमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ‘आदर्श चम्पावत’ का लक्ष्य हासिल करना ‘आदर्श उत्तराखण्ड’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी उद्देश्य से जनपद में खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और क्रिटिकल केयर ब्लॉक से मजबूत होंगी सुविधाएंखेल सुविधाओं के विस्तार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में लगभग 256.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त, जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।टनकपुर आईएसबीटी और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावामुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) क्षेत्र की परिवहन एवं संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा।वहीं, मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से संबंधित विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे।कैप्टन करम चन्द स्टेडियम के विकास कार्यों का शिलान्यासकार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये की लागत से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है।इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।इस अवसर पर बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को मुख्यमंत्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।वन विभाग को मिले तीन टाटा योद्धा वाहनकार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत सरकार के उपक्रम एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने के साथ वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी।मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, युवाओं और क्षेत्रवासियों से खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मकता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारकर चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।ये रहे मौजूदकार्यक्रम में दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, नगर पालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार, नगर पंचायत बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार तथा एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समूहों की महिलाएं, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।हिमालय समाचार | चम्पावत



