
चम्पावत, बनबसा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत जनपद के बनबसा में लगभग 11 फीट ऊंची भगवान श्री हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पाटनी तिराहे का नाम बदलकर ‘हनुमान चौक’ किए जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने नशामुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार करने के लिए आयोजित ‘नशामुक्ति सद्भावना दौड़’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत बनबसा स्थित एनएचपीसी हेलीपैड पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नशामुक्ति सद्भावना दौड़ में प्रतिभाग कर रहे युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने बनबसा के पाटनी तिराहे पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान श्री हनुमान जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान सुंदरकांड पाठ और जय श्री राम कीर्तन मंडल की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धापूर्वक प्रतिभाग किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पाटनी तिराहे का नाम बदलकर ‘हनुमान चौक’ किए जाने की घोषणा की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान श्री राम एवं हनुमान जी से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।

साथ ही, उन्होंने नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की मातृशक्ति के योगदान की सराहना की।33 हजार से अधिक युवाओं को मिला सरकारी रोजगार: मुख्यमंत्रीजनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को आगे बढ़ाने के साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त नकल-विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। उनके अनुसार, अब तक प्रदेश के 33 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।उन्होंने कहा कि सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए भी अभियान चलाया गया है और सैकड़ों एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीर सैनिकों की भूमि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी।श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसादकार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच पहुंचकर प्रसाद वितरित किया। उन्होंने आमजन से संवाद कर उनका हालचाल जाना और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, नगरपालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार, नगर पंचायत बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, एसडीएम प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समूहों से जुड़ी महिलाएं, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिमालय समाचार | चम्पावत



