प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा बोले—समान कार्य-समान वेतन, 700 बसों के बेड़े और विशेष श्रेणी के प्रस्ताव पर एक सप्ताह में कार्रवाई का मिला आश्वासन।
टनकपुर, उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा धरना शासन स्तर से मिले ठोस आश्वासन के बाद सोमवार को स्थगित कर दिया गया। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के आश्वासन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
वार्ता के दौरान समान कार्य के लिए समान वेतन, परिवहन निगम के बस बेड़े को 700 बसों तक बढ़ाने तथा विशेष श्रेणी के कर्मचारियों से संबंधित प्रस्ताव को एक सप्ताह के भीतर तैयार कर शासन को भेजने जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रांतीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि 15 नवंबर तक मांगों पर निर्धारित समय के अनुसार कार्रवाई नहीं होती है, तो संघ दोबारा धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
इस अवसर पर संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष दीपचंद्र शाह, कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, युवा मोर्चा के मुकेश जोशी और मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिमालय समाचार सम्पादक: देवेन्द्र यादव



