खेल महाकुम्भ-2026 का समापन, देहरादून बना मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का विजेता मुख्यमंत्री धामी ने विजेता जनपद को सौंपी ट्रॉफी और 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, 3.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मिनी स्टेडियम, ननूरखेड़ा में आयोजित खेल महाकुम्भ-2026 एवं मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के विजेता जनपद देहरादून को ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। साथ ही meroyuva.in पोर्टल का विमोचन भी किया गया।

समारोह में मलखम्ब एवं आर्टिस्टिक योग का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ-साथ खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। खेल महाकुम्भ का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।उन्होंने बताया कि इस वर्ष खेल महाकुम्भ में 3 लाख 35 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 2 लाख 20 हजार थी। प्रतियोगिताओं के अंतर्गत लगभग 11 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित नियमों के तहत सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती के पदों पर 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ देने का भी निर्णय लिया गया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उत्तराखण्ड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया। उन्होंने विश्वास जताया कि खेल महाकुम्भ से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति एवं खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि लोहाघाट में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का संचालन शुरू किया गया है। इसके साथ ही राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय और आधुनिक खेल अकादमियों की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, उत्तराखण्ड युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल एवं कुन्दन सिंह लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा तथा युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल की निदेशक दीप्ति सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।हिमालय समाचार | सम्पादक – देवेन्द्र यादव

Ad