
टनकपुर (चम्पावत)। दयानन्द इण्टर कॉलेज, टनकपुर में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम ईश्वर स्तुति एवं प्रार्थनोपासना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शिक्षा, शिक्षक की भूमिका एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से संबंधित अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक के महत्व तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।विद्यालय की प्रधानाचार्या माहेश्वरी पांडेय ने महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के महान व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर शिक्षकों ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रबन्धक डा. मनुश्रवा आर्य , कोषाध्यक्ष गायत्री कृपा जी एवं समस्त शिक्षक उपस्थित रहे ।



