
चम्पावत। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को जिला सभागार में “आंगन मिलन सेवा” अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पौधयुक्त गमला भेंट कर उनका स्वागत किया।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि “आंगन मिलन सेवा” का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि पात्र महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रम समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक जिले के सभी 681 आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और समुदाय की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश सिंह बृजवाल ने बताया कि अभियान के दौरान पोषण आहार एवं टेक होम राशन वितरण, गोद भराई, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, बच्चों की वृद्धि निगरानी तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकत्रियों के योगदान की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्मिकों को सम्मानित करने के भी निर्देश दिए।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, दायित्वधारी हेमा जोशी, किरन देवी, दीपा जोशी, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश सिंह बृजवाल, डीपीआरओ महेश कुमार सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।



