
चम्पावत/ श्यामलाताल । बूम वन क्षेत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल श्यामलाताल में वन विभाग द्वारा वृहद स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वन क्षेत्राधिकारी बूम के निर्देशन में तथा अनुभाग अधिकारी सूखीढांग के नेतृत्व में संपन्न हुआ।अभियान के दौरान श्यामलाताल पर्यटन स्थल एवं उसके आसपास बिखरे कूड़े-कचरे को एकत्रित कर उचित स्थान पर निस्तारित किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के कार्मिकों, स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।इस अवसर पर पर्यटकों, स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों एवं दुकानदारों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों से प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए श्यामलाताल क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ भी ली। अभियान में ग्राम प्रधान करिश्मा पोखरी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगदीश प्रसाद, वन दरोगा गिरीश चन्द्र जोशी सहित वन विभाग के कर्मचारी, ग्रामीण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।वन विभाग ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।


