पहल – प्रशासन से सहयोग न मिलने पर ग्राम प्रधान ने स्वयं के संसाधनों से शुरू कराया नैनीताल बैंक रोड का सुधारीकरण

खबर शेयर करें 👉

भिंगराड़ा (चंपावत)। ग्राम पंचायत भिंगराड़ा के मुख्य संपर्क मार्गों में शामिल नैनीताल बैंक रोड लंबे समय से कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के कारण आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने तथा उचित कजल निकासी व्यवस्था के अभाव में बरसात के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो रही थी, जिससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग के सुधारीकरण एवं नाली निर्माण की मांग कई बार जिला प्रशासन के समक्ष उठाई गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी रही।बताते हैं ऐसे में ग्राम पंचायत भिंगराड़ा की ग्राम प्रधान श्रीमती गीता भट्ट ने क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वयं के संसाधनों से सड़क के आवश्यक सुधारीकरण एवं नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया है। इस पहल से स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है और ग्राम प्रधान के प्रयास की सराहना की है।ग्रामीणों का कहना है कि नैनीताल बैंक रोड क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। समय पर किए जा रहे इस कार्य से बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या कम होगी तथा सड़क को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में भी मदद मिलेगी।ग्राम प्रधान गीता भट्ट ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है। यदि आवश्यक विकास कार्यों में विलंब होता है और जनता को असुविधा होती है, तो ग्राम पंचायत अपने स्तर पर भी यथासंभव प्रयास करती रहेगी ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।