
टनकपुर (चम्पावत)। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में दो माह तक संचालित ऐपण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षिका कुमारी लता पांडे द्वारा छात्राओं को पारंपरिक ऐपण कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 50 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ऐपण कला की विभिन्न विधाओं को सीखा। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को चौकियाँ सजाना, करवा चौथ के लिए थाली तैयार करना, लोटा, छन्नी एवं अन्य सजावटी सामग्री बनाना सिखाया गया। इसके अतिरिक्त क्रोशिया से बनने वाली वस्तुओं का भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।विद्यालय की वार्डन प्रेमा ठाकुर द्वारा बताया गया कि छात्राओं ने पूरे प्रशिक्षण के दौरान अत्यंत रुचि और लगन के साथ भागीदारी की तथा अनेक नई उपयोगी कौशल सीखे। यह प्रशिक्षण न केवल उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देता है, बल्कि भविष्य में स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान कर सकता है। इच्छुक छात्राएँ इसे अपने करियर के रूप में अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।इस सराहनीय प्रयास की मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी द्वारा भी प्रशंसा की गई।कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्राओं के प्रयासों की सराहना की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय परिवार ने इस प्रकार के कौशल आधारित कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।


