
टनकपुर। अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बाह्य न्यायालय परिसर से मुख्य बाजार होते हुए रोडवेज बस स्टेशन तक नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, माननीय रुचिका नरूला ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर से हुई। इस दौरान माननीय रुचिका नरूला ने नालसा (नशीली दवाओं के दुरुपयोग से पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाएं एवं नशीली दवाओं के खतरे के उन्मूलन योजना-2015) के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
इसके बाद बाह्य न्यायालय परिसर से नगर के मुख्य मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल पीएलवी (पैरालीगल वॉलंटियर्स) ने हाथों में तख्तियां लेकर तथा पंपलेट वितरित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। इस दौरान “नशे की लत एक बीमारी है, इससे दूर रहना समझदारी है”, “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” तथा “जन-जन का यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना देश” जैसे नारों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी अधिकार मित्र अर्जुन सिंह, बिजेंद्र अग्रवाल, शमशाद बानो, अमित कुमार, सोनी सिंह, दीपा देवी, किरण जोशी, रीता कनौजिया, प्रियंका पंचोली, नव नियुक्त पीएलवी सुनील कुमार, कुंवर सिंह भंडारी, अनिल कुमार, सुनीता टम्टा, सुरेश उप्रेती, अंजू बोहरा, प्रियंका, प्रमोद कुमार, विजयानंद जोशी, जगत सिंह विष्ट, प्रो बोनो पीएलवी इजहार अली, अर्चना लोहनी, सोनी जहां, हरीश चंद्र गौड़, ममता भंडारी, राधा चंद, नीरू विष्ट, एलिश, स्वाती, प्रीति सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


