वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज, गुलदार कि खाल के साथ वन विभाग की संयुक्त टीम ने अभियुक्त को किया गिरफ्तार

खबर शेयर करें 👉

चल्थी (चम्पावत)। बूम वन क्षेत्र, सुखीढांग अंतर्गत गुरूवार को मुखबिर की सूचना पर चल्थी पुलिस चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 43 वर्षीय ईश्वर राम उर्फ दीपक पुत्र श्री लछराम निवासी तल्ली खटोली, चौकी चल्थी, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी प्रभारी चल्थी एवं वन विभाग की टीम ने चल्थी पुल की ओर से आ रहे उक्त व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से गुलदार की एक खाल बरामद हुई।पुलिस द्वारा आरोपी को खाल सहित वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2002) की विभिन्न धाराओं में केस संख्या 08/बूम/2025-26 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में वन विभाग व पुलिस/एसओजी की संयुक्त टीम के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली संयुक्त टीम में गुलजार हुसैन, वन क्षेत्राधिकारी वूम, गिरीश चन्द्र जोशी वन दरोगा, गौरव वन बीट अधिकारी, संजय सिंह वन बीट अधिकारी, कमलेश भट्ट एसओजी प्रभारी,राकेश कठायत चौकी प्रभारी चल्थी, ललित श्रीवास्तव हे०का०, ललित चौधरी, का०, राजकुमार, का०, सूरज कुमार का० और कमलनाथ कां मौजूद रहे।