
➡️ ट्रैक खाली कराने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी
.➡️ शंटिंग के दौरान इंजन के 12 पहिये पटरी से उतरे.
➡️ लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा.
➡️ तेज आवाज से आसपास के लोगों में मचा हड़कंप.
➡️ रेलवे व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. ट्रेक खाली कराई जाने की कार्यवाही जारी.
टनकपुर। मंगलवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे टनकपुर रेलवे स्टेशन के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शंटिंग के दौरान एक रेल इंजन के पहिये अचानक पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन से पहले स्थित सिग्नल के नजदीक संटिंग कार्य चल रहा था। इसी दौरान इंजन के दोनों ओर के कुल 12 पहिये पटरी से उतर गए। पहियों के पटरी से उतरते ही तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग घरों से बाहर निकल आए और घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंजन के पटरी से उतरते ही लोको पायलट ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को रोक दिया, जिससे किसी बड़े हादसे की संभावना टल गई। यदि समय रहते इंजन नहीं रोका जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रैक को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए युद्ध स्तर पर राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य शुरू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि सबसे पहले इंजन से जुड़ी बोगियों को अलग किया जा रहा है, ताकि ट्रैक को खाली कर अन्य ट्रेनों के संचालन को प्रभावित होने से बचाया जा सके। रेलवे की इंजीनियरिंग और तकनीकी टीमें विशेष उपकरणों के साथ इस कार्य मे जुट गयीं है, वहीं बताया जा रहा है कि लालकुआँ से विशेष क्रेन कों मंगाया गया है ताकि इंजन को पुनः पटरी पर लाया जा सके।
घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल रेलवे ट्रेक पर लोको पायलट की सूझ बुझ से बड़ा हादसा टल गया।


