
बनबसा (चम्पावत)। राजकीय महाविद्यालय बनबसा में आज दिनांक 17 अप्रैल 2026 को उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड द्वारा संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना (DUY) के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन (जागरूकता) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार (समाजशास्त्र विभाग) के कुशल निर्देशन में हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में देवभूमि उद्यमिता योजना के प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री जयेंद्र जी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए नौकरी तलाशने के बजाय जॉब क्रिएटर बनने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि कैसे युवा अपने अभिनव विचारों को सफल स्टार्टअप में बदल सकते हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद प्रकाश सिंह ने कहा कि आज के समय में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्रों में रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमिता कौशल का विकास अत्यंत आवश्यक है। यह योजना युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। पूरे कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री हेम कुमार गहतोड़ी (हिंदी विभाग) द्वारा किया गया।इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवियों, रोवर्स-रेंजर्स, छात्रसंघ पदाधिकारियों, समस्त प्राध्यापकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की गई।


