शिवालय मंदिर से तहसील परिसर तक निकाला जुलूस, गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग, तहसील में सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। सनातन परंपरा और आस्था से जुड़े विषय को लेकर सोमवार को शहर में एक भव्य रैली निकाली गई। “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने गौ माता को राष्ट्रीय ‘राष्ट्र माता’ घोषित किए जाने की मांग उठाई।रैली का शुभारंभ स्थानीय शिवालय मंदिर से हुआ, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और युवा हाथों में बैनर और जयघोष करते हुए तहसील परिसर तक पहुंचे। इस दौरान पूरे मार्ग में “गौ माता का सम्मान, राष्ट्र का अभिमान” जैसे नारों से माहौल गुंजायमान रहा।तहसील पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि गौ माता को भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला मानते हुए ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिया जाए।वक्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म में गौ माता का विशेष महत्व है और यह केवल आस्था का विषय नहीं बल्कि कृषि, पर्यावरण और स्वास्थ्य से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की।कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।इस दौरान धर्मानंद पाण्डेय, हेमंत विष्ट, हरीश भट्ट, हरीश हैसियत, मुकेश शर्मा, अनीता यादव, संध्यागिरी महाराज,अजय गिरी, मोहित त्रिपाठी, कांतिबल्लभ जोशी, शैलेन्द्र सिंह, गिरीश गहतोड़ी, भरत सिंह, आकाश दीप सहित तमाम लोग मौजूद रहे।