
लोहाघाट (चम्पावत)।पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा और जनमानस की आवाज़ है। इसी भावना को नई ऊर्जा देते हुए नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में पत्रकार हितों, संगठनात्मक मजबूती, निष्पक्ष पत्रकारिता और बदलते समय की चुनौतियों पर गंभीर मंथन किया गया। सम्मेलन में पत्रकारों के कल्याण, आर्थिक सहायता तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।नगर पालिका सभागार में आयोजित महासम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जगदीश चंद्र राय ने की। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में शासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी जितनी बड़ी है, उतना ही आवश्यक है कि उनके हितों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित पत्रकार कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए टनकपुर में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर तथा चम्पावत जिला सूचना कार्यालय के विस्तार की भी जानकारी साझा की।नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने पत्रकारों को लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ बताते हुए कहा कि उनकी निष्पक्ष लेखनी समाज को जागरूक करने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य करती है।राज्य आंदोलनकारी एवं भेषज संघ के संस्थापक अध्यक्ष हरगोविंद बोहरा ने कहा कि पत्रकार समाज को सही दिशा देने वाली शक्ति हैं, जबकि व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के दौर में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला, वहीं संस्थापक अध्यक्ष त्रिलोक भट्ट ने कुमाऊँ की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का उल्लेख करते हुए पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।महासम्मेलन में पत्रकारों के लिए आर्थिक सहायता व्यवस्था, संगठनात्मक विस्तार, सदस्य हितों की सुरक्षा तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। सम्मेलन में यह संदेश भी दिया गया कि बदलते तकनीकी दौर में पत्रकारिता के मूल्यों—सत्य, निष्पक्षता, निर्भीकता और जनसरोकार—को हर हाल में अक्षुण्ण रखना ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता है।कार्यक्रम का संचालन प्रदेश संगठन मंत्री गिरीश बिष्ट ने किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार सहित प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, धर्मानंद खोलिया, स्वराज पाल, नीटू धीमान, शंकर भट्ट, गणेश रावत, गौरी शंकर पंत, हयात राम, बाबूलाल यादव, दीपक फुलेरा, नवीन जोशी, नवल जोशी, सुरेश गड़कोटी, नवनीत गहतोड़ी, नरेंद्र बिष्ट, विनोद कुमार चतुर्वेदी, ललित मोहन जोशी, मनोज राय, मनोज कापड़ी, कमलेश भट्ट, दिनेश भट्ट, सुरेश जोशी सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।


