
टनकपुर (चम्पावत) । महात्मा गांधी आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय, टनकपुर में समर कैंप के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क पर सुरक्षित व्यवहार तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली वैधानिक कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बच्चों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताते हुए नियमों के पालन का महत्व समझाया।बच्चों एवं अध्यापकों की उत्सुकता को देखते हुए अल्कोमीटर (ब्रेथ एनालाइजर) का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इस दौरान बताया गया कि वाहन चालकों के शराब सेवन की जांच किस प्रकार की जाती है और सड़क सुरक्षा में इसकी क्या भूमिका है।कार्यक्रम में बच्चों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं रोचक तरीके से उत्तर दिया गया। विद्यार्थियों ने यातायात नियमों के पालन का संकल्प भी लिया।वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा का माध्यम है। कार्यक्रम का समापन “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” के संदेश के साथ किया गया। इस दौरान एआरटीओ मनोज बगोरिया,TSI- आनंद सिंह बिष्ट और T.C. नीरज कुमार मौजूद रहे।


