माँ पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी के मुख्य आतिथ्य में बूम रेंज द्वारा बस्तिया में किया गया पौध रोपण, विश्व वानिकी दिवस पर वन संरक्षण का संदेश, ग्रामीणों ने लिया हरित भविष्य का संकल्प

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर (चम्पावत)। बूम वन क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को ग्राम पंचायत बस्तिया में नर्सरी के समीप वन विभाग की बूम रेंज के अनुभाग अधिकारी वन दरोगा महेश सिंह अधिकारी और माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी के संयुक्त नेतृत्व में पौधरोपण कर विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बस्तिया नर्सरी के समीप पौध रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया गया। इस वर्ष की थीम “फॉरेस्ट व इकॉनमी” के अनुरूप वनों के आर्थिक एवं पारिस्थितिक महत्व पर विशेष चर्चा की गई।
वन विभाग की बूम रेंज द्वारा ग्रामीणों को जागरूक करते हुए वनाग्नि की घटनाओं पर विशेष चिंता व्यक्त की गई तथा क्षणिक लाभ के लिए जंगलों में आग न लगाने की अपील की गई। साथ ही वनाग्नि से वन संपदा एवं वन्य जीवों को होने वाले नुकसान और दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया तथा सभी से वनाग्नि रोकथाम में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से जंगलों में न जाने, हिंसक वन्य जीवों से बचाव हेतु सावधानियां बरतने और मानव-वन्य जीव संघर्ष को रोकने के उपायों की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी, ग्राम प्रधान सरोज लापड़,वन दरोगा महेश सिंह अधिकारी, सुन्दर सिंह बोहरा, चंद्रकुंवर विष्ट, प्रदीप सिंह चौहान, वन आरक्षी प्रियंका विष्ट, वन बीट अधिकारी नारायण दत्त जोशी के अलावा उदेश राना और संदीप मौजूद रहे ।