
सवालअल्मोड़ा, 22 अगस्त 2026। पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में करीब दो माह से फिजिशियन चिकित्सक उपलब्ध न होने पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय कुमार पाण्डे ने चिंता जताई है। उन्होंने राज्यपाल, मुख्य सचिव और महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को पत्र भेजकर रिक्त दोनों फिजिशियन पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग की है।संजय पाण्डे ने बताया कि फिजिशियन डॉ. हरीश आर्य के स्थानांतरण के बाद अब तक नई नियुक्ति नहीं हुई है। इससे गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और दूरदराज से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑपरेशन संबंधी सेवाएं भी प्रभावित होने से मरीजों को करीब 6 किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज जाना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी से भी मुलाकात की जा चुकी है तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।संजय पाण्डे ने जिला मुख्यालय के इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मुद्दे पर राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने शासन से नियमित नियुक्ति होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से तत्काल फिजिशियन तैनात करने की मांग की है।उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।


