
टनकपुर (चम्पावत) । माँ पूर्णागिरी धाम क्षेत्र में बढ़ती लापरवाही और नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए माँ पूर्णागिरी टैक्सी यूनियन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शनिवार को स्मैक सेवन कर वाहन चला रहे एक चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।अभियान के दौरान यूनियन के सदस्यों ने स्पष्ट संदेश दिया कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि यात्रियों की जान को भी खतरे में डालता है।यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार ने कहा कि “माँ पूर्णागिरी धाम आस्था का केंद्र है, यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्मैक या अन्य नशे का सेवन कर वाहन चलाने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।”उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी इस मुहिम में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई, ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।यूनियन के इस कदम को स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सराहते हुए इसे एक सकारात्मक पहल बताया है। यह अभियान न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करेगा बल्कि समाज में एक जागरूकता का भी संचार करेगा कि यात्रियों की सुरक्षा और जिम्मेदारी सर्वोपरि है।


