
टनकपुर (चम्पावत)। विवेकानंद विद्या मंदिर विद्यालय परिसर में आज शुक्रवार को छात्र संसद गठन कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम के दौरान छात्र संसद के विभिन्न पदों हेतु छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। छात्र संसद में मृणाल तिवारी को प्रधानमंत्री, तरुण कुमार को सेनापति तथा पूजा तिवारी को मंत्री नियुक्त किया गया। सभी नवचयनित पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई गई।प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय की उन्नति एवं अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।मुख्य अतिथि पुष्पा विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में नवगठित छात्र संसद के सभी सदस्यों को शुभकामनाएँ दी गईं तथा विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।


