योग का जलवा – सरस मेले में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा की गयीं प्रभावशाली योग प्रस्तुति

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। रविवार को टनकपुर में आयोजित सरस मेले में सेंट फ्रांसिस स्कूल के विद्यार्थियों ने योग अभ्यास की प्रभावशाली एवं अनुशासित प्रस्तुति दी। प्रशिक्षित शिक्षक नवदीप सिंह के मार्गदर्शन में विद्यालय के शिक्षक भूपेन्द्र सिंह व योगेश पांडे एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया, जिनमें ताड़ासन, बज्रासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, कपालभारति तथा अनुलोम-विलोम प्रमुख रहे।इस प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देना था। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ और सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता, आत्मनियंत्रण एवं सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक जीवन में योग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूर्ण अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी, जिसे मेले में उपस्थित दर्शकों एवं गणमान्य अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय द्वारा यह संदेश दिया गया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग को समर्पित करे, तो वह शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक सक्षम बन सकता है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं आत्मविश्वास बढ़ाने वाला साबित हुआ।