
टनकपुर। शारदा नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव में फंसकर डूबने लगीं दो किशोरियों को बचाव दल की तत्परता से सकुशल बचा लिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पल्लवी (पुत्री बलराम) एवं ईशा (पुत्री विपिन), निवासी जनपद शाहजहांपुर, थाना काट, शारदा नदी में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान अचानक नदी के तेज बहाव में बहने लगीं और डूबने की स्थिति उत्पन्न हो गई।मौके पर मौजूद बचाव दल के सदस्यों कपूर राणा, दीप चंद, मुकेश सिंह, सतीश राणा व पीआरडी सूरज शर्मा ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया। जल पुलिस के राकेश गिरी, गोताखोर रविंद्र सिंह तथा पीआरडी जवान सूरज शर्मा के सहयोग से दोनों किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने राहत की सांस ली और बचाव दल की इस बहादुरी की सराहना की। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।


