राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं का अनोखा पर्यावरण अभियान, बीज बमों से दिया हरियाली का संदेश

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर (चम्पावत)। पीएमश्री राम रतन लाल भगवत सरन अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 23 एवं 24 मार्च को आयोजित एडवेंचर एंड नेचर स्टडी कैंप के तहत छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बीज बमों का निर्माण किया।
इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के वृक्षों के बीजों को मिट्टी एवं खाद के साथ मिलाकर बीज बम तैयार किए। 24 मार्च को इको क्लब की छात्राओं ने विद्यालय की अन्य छात्राओं, शिक्षिकाओं, एसएमसी एवं पीटीए के सहयोग से ग्राम पंचायत बस्तिया क्षेत्र में इन बीज बमों का छिड़काव किया, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
केवल यही नहीं, छात्राओं ने आम जनमानस को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए एक प्रभावशाली रैली भी निकाली, जिसमें “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य विनीता जोशी, एसएमसी अध्यक्ष दीपा देवी, पीएम श्री प्रभारी विनीता कुमार, इको क्लब प्रभारी पुष्पा जोशी, लक्ष्मी बिष्ट, ममता बिष्ट, हेमलता पंत सहित अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश दिया कि छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।