अपने ज्ञान और व्यवहार को सामाजिक हित में लगाएँ, राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय एवं चतुर्थ दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

खबर शेयर करें 👉

तलवाड़ी/ टनकपुर । स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी, थराली में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय एवं चतुर्थ दिवस बहुत उत्साहपूर्वक मनाया गया। योगगुरु कुशलानंद सती, ज्योति चिनवान एवं संजीवनी ने योग सिखाते हुए जीवन में योग का महत्व बताया। स्वयंसेवियों द्वारा अभिगृहीत तलवाड़ी खालसा मायधार ग्राम में प्राकृतिक जल संसाधन के स्रोत नौले की साफ-सफाई की गई एवं नशा नहीं रोजगार दो, जन-जन की पुकार है, वोट देना अधिकार है, शिक्षा, स्वास्थ्य और पानी, ये सब हैं जीवन की कहानी, युवा शक्ति, राष्ट्र की शक्ति, नया सवेरा लाएँगे, एनएसएस के साथ राष्ट्र बनाएँगे, स्वच्छता की ओर कदम, एनएसएस का है संकल्प, स्वयं सजे वसुन्धरा-संवार दें, शिक्षा, सेवा और संस्कार, एनएसएस का यही सार आदि नारे लगाकर अपने क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया।बौद्धिक सत्र में हैशटैग बिलीवर फाउण्डेशन की सुश्री कंचन रावत ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना एक बड़ा मंच है अतः जीवन में बड़ा उद्देश्य रखें एवं अपने ज्ञान और व्यवहार को सामाजिक हित में लगाएँ। राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ललित जोशी ने कहानी के माध्यम से सामूहिकता एवं विविधता की सीख दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ग्रहण कर जितना कुछ भी अच्छा हो सकता है। अपने क्षेत्र के लिए किया जाना चाहिए। चतुर्थ दिवस स्वयंसेवियों ने अधिगृहीत ग्राम में श्रमदान किया और गुडम स्टेट में जागरूकता अभियान चलाया। महिला संगठनों के साथ मिलकर नशा, दहेज, जल, जंगल, जमीन, धार्मिक कुरीतियाँ एवं पलायन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की एवं तलवाड़ी बाजार के वरिष्ठ नागरिकों को एनएसएस के उद्देश्य से अवगत कराया। बौद्धिक सत्र में इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अनुज कुमार ने ‘सिल्क रूट’ का व्यापारिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर विस्तारपूर्वक बताया। संवाद परिचर्चा के रूप में हुआ, अतः स्वयंसेवियों ने जीवंतता के साथ अनेक प्रश्न पूछे। समाजशास्त्र के असिस्टेंट प्रोफेसर मोहित उप्रेती एवं गणित विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुधा राना ने रूट का सामाजिक-सांस्कृतिक महत्व बताया।संयोजक एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. खेमकरण ने बौद्धिक सत्र में आए अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर आभार व्यक्त किया। बौद्धिक सत्र का संचालन एनएसएस विशेष शिविर की सह-संयोजक और संस्कृत विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर रजनी नेगी ने किया।