दयानन्द इण्टर कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वैदिक नव वर्ष

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। स्थानीय दयानन्द इण्टर कॉलेज में आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर ‘वैदिक नव वर्ष’ (नव संवत्सर) का भव्य आयोजन अत्यंत धूमधाम और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक स्व. श्री रामदेव आर्य जी को स्मरण करते हुए प्रातः काल सामूहिक यज्ञ और ईश-वंदना के साथ किया गया, जिसमें आहुतियां डालकर विश्व कल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर स्वामी दयानन्द सरस्वती जी के योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने बताया कि उन्होंने ही ‘वेदों की ओर लौटो’ का आह्वान कर समाज को अपनी मूल संस्कृति और वैदिक काल-गणना (संवत्सर) पर गर्व करना सिखाया। स्वामी जी ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को सृष्टि के आरंभ की पावन तिथि मानकर इसे यज्ञ और सत्संग के माध्यम से मनाने की जो परंपरा शुरू की थी, वह आज भी हमें अपने संस्कारों से जोड़े हुए है। इसी कड़ी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक भजनों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने धर्म और संस्कारों की महत्ता को रेखांकित करते हुए समाज को अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ विश्वामित्र शास्त्री, मुख्य अतिथि हेमदेव गुरु, एवं राजीव आर्य, डॉ. रामसहाय वर्मा, ऋषिदेव आर्य, सुधा आर्य, लज्जावती, सरला, यशवर्धन आर्य उपस्थित रहे। जिन्होंने अपने संबोधन में वैदिक सिद्धांतों के संरक्षण पर बल दिया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनुश्रवा आर्य एवं प्रधनाचार्या माहेश्वरी पाण्डेय ने सभी आगंतुकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए नव वर्ष की शुभकामनाएँ दीं और जीवन को वैदिक आदर्शों से आलोकित करने का आह्वान किया। इस भव्य समारोह में नगर के अनेक गणमान्य व्यक्ति, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।