
टनकपुर (चम्पावत) । पूर्णागिरि माता के दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु की सतर्कता और जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जान बच गई। रविवार को शारदा स्नान घाट पर स्नान के दौरान श्रद्धालु शारदा नदी पार करने का प्रयास करने लगा, लेकिन बीच धारा में पहुंचते ही वह डूबने लगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, समीर श्रीवास्तव (24 वर्ष) पुत्र शंकर श्रीवास्तव, निवासी विराट मोहल्ला, दिल्ली, पूर्णागिरि माता के दर्शन के बाद शारदा स्नान घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शारदा नदी पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण बीच नदी में फंस गए और डूबने लगे।श्रद्धालु के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत जल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जल पुलिस टीम के रविंद्र कुमार उर्फ पहलवान, राकेश गिरी एवं पीआरडी जवान सूरज शर्मा ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद समीर श्रीवास्तव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।समय रहते किए गए इस सफल रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जल पुलिस टीम की तत्परता, साहस और मानवता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि शारदा नदी में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा नदी पार करने या गहरे पानी में जाने का प्रयास न करें।


