श्यामलाताल में विशेष समूह के साथ हुआ योगाभ्यास, 105 प्रतिभागियों ने लिया स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प

खबर शेयर करें 👉


चम्पावत, 09 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत मंगलवार को स्वामी विवेकानंद आश्रम, श्यामलाताल में “विशेष समूह के साथ योगाभ्यास” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन तथा जिला प्रशासन चम्पावत के निर्देशानुसार जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, चम्पावत के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी जननांस्थानंद, प्रबंधक स्वामी विवेकानंद आश्रम श्यामलाताल द्वारा भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात योग गुरु डॉ. नवनीत जोशी ने योगाभ्यास सत्र का संचालन किया, जबकि फार्मेसी अधिकारी बनबसा श्री दीपक सिंह ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को योग के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक एवं हरित वातावरण में योगाभ्यास के माध्यम से आमजन को योग के प्रति जागरूक करना तथा उसके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देना था। साथ ही लोगों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. हर्ष सिंह पोखरिया ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्यामलाताल, नोडल अधिकारी डॉ. विनोद कुमार, सह नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कश्यप, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 105 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन योग एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया गया।
“योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन की कुंजी है।”