
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की विभिन्न समस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पाण्डे ने महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा प्रो. आशुतोष सयाना से मुलाकात कर मरीजों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था, नर्सिंग कॉलेज में फैकल्टी की कमी, सफाई व्यवस्था और एंबुलेंस सेवा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था का आश्वासनसंजय पाण्डे ने अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी का मुद्दा उठाते हुए जल्द व्यवस्था करने की मांग की।

इस पर महानिदेशक ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था कराई जा रही है। इसके अलावा गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी की ओर भी ध्यान आकर्षित किया गया।संजय पाण्डे ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक स्टाफ की तैनाती जरूरी है, ताकि उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी और देहरादून जैसे शहरों की ओर न जाना पड़े।सफाई व्यवस्था और मरीजों के व्यवहार पर दिए निर्देशमहानिदेशक प्रो. आशुतोष सयाना ने मेडिकल कॉलेज के आईसीयू, एनआईसीयू, प्रसूति विभाग, नवनिर्मित भवन और नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में डंपिंग जोन के पीछे कूड़ा पड़े होने का मामला भी सामने आया। संजय पाण्डे ने कूड़े से संबंधित वीडियो दिखाया, जिसके बाद महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को कूड़ा तत्काल हटाने और शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।संजय पाण्डे ने कहा कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था केवल निरीक्षण के दिन ही नहीं, बल्कि प्रतिदिन बेहतर रहनी चाहिए। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। इस पर महानिदेशक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों के साथ शालीनता, संवेदनशीलता और सेवा भाव से पेश आने के निर्देश दिए।नर्सिंग कॉलेज में फैकल्टी की कमी का मुद्दा उठायाबैठक में नर्सिंग कॉलेज में शिक्षकों की कमी का विषय भी उठाया गया। संजय पाण्डे के अनुसार, कॉलेज में मात्र पांच फैकल्टी सदस्यों के भरोसे शिक्षण व्यवस्था संचालित हो रही है। उन्होंने पर्याप्त फैकल्टी की तैनाती की मांग की, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रभावित न हो। इसके साथ ही एंबुलेंस और 108 सेवा से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई।संजय पाण्डे ने उम्मीद जताई कि महानिदेशक द्वारा दिए गए निर्देशों से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और अल्मोड़ा सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जी.एस. तितियाल, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. अनिल पाण्डे, प्रो. आशीष जोशी, नर्सिंग अधीक्षिका डॉ. आशा गंगोला, दीपक जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



