दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, टनकपुर-बनबसा में 7 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच को भेजे

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर ,दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। सोमवार को विभागीय टीम ने विभिन्न जनरल स्टोर्स और मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण कर कुल 7 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान आम जनता को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य अधिकारी योगिता तिवारी ने खाद्य कारोबारियों को मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि (मैन्युफैक्चरिंग एवं एक्सपायरी डेट) स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस की भी जांच की गई।अभियान के दौरान खोया से बनी मिठाइयों, तेल, मैदा, खिलौना एवं पैक्ड मिठाइयों सहित कुल 7 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया है कि वे दीपावली के दौरान केवल ताजी, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचें। साथ ही एक्सपायरी और बासी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने की सख्त हिदायत दी गई है।निरीक्षण अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।

सम्पादक: देवेंद्र यादव

हिमालय समाचार

Ad