
चम्पावत, 20 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के तहत जिला अस्पताल चम्पावत में अपोलो हॉस्पिटल, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में कुल 587 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का उद्देश्य पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके जनपद में ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। अपोलो हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, नेफ्रोलॉजी एवं जनरल मेडिसिन से संबंधित मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।इस दौरान मरीजों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, बीएमडी और पीएफटी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिलने से दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को जिला स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिला।
स्वास्थ्य सलाहकार डॉ. आनंद रतूड़ी ने शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय जनपदों में इस तरह के विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी हैं। इससे मरीजों को अपने ही जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा मिल रही है।उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। “सेवा संकल्प अभियान” के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर जांच, विशेषज्ञ परामर्श और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।



