
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को उप जिला चिकित्सालय टनकपुर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। अस्पताल में एनेस्थीसिया, नेत्र रोग, दंत रोग, जनरल सर्जरी और अस्थि रोग सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा, मरीजों के लिए आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

अस्पताल में डायलिसिस मशीन, सीटी स्कैन मशीन और आंखों से संबंधित विभिन्न बीमारियों के उपचार की सुविधाएं संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में अस्पताल में कई नए कार्य पूरे कराए गए हैं। हाल ही में उपलब्ध कराई गई डायलिसिस मशीन का सफल संचालन किया जा रहा है। साथ ही, नेत्र चिकित्सा के लिए नए उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका उपयोग मरीजों के उपचार में किया जा रहा है। अस्पताल में एंबुलेंस सेवाएं भी नियमित रूप से उपलब्ध हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। अस्पताल भवन के रंग-रोगन के लिए भी आग्रह किया गया है, जिस पर शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, ट्रामा सेंटर का संचालन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के लिए एम्स ऋषिकेश के सहयोग से इसे शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्य, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. घनश्याम तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभा जोशी, डॉ. उमर, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस महेश्वरी, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सुकृति त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।


