टनकपुर अस्पताल में जल्द बनेगा सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनों के लिए विशेष कक्ष, मुख्यमंत्री की घोषणा पर कार्रवाई तेज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा से स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा, मंडी परिषद को सौंपी गई निर्माण कार्य की जिम्मेदारी

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत उपजिला चिकित्सालय टनकपुर में सीटी स्कैन एवं एमआरआई मशीनों की स्थापना के लिए विशेष कक्षों का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण कार्य के लिए मंडी परिषद को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र के क्रम में इस योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके तहत उपजिला चिकित्सालय में उपलब्ध भूमि एवं भवन का विवरण तैयार करने के साथ ही प्रस्तावित निर्माण कार्य की अनुमानित लागत और विस्तृत आगणन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। तैयार प्रस्ताव महानिदेशालय को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके बाद इसे शासन को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उपजिला चिकित्सालय टनकपुर में सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से टनकपुर, बनबसा, पूर्णागिरि क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों के मरीजों को लाभ मिलेगा।इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को महत्वपूर्ण जांचों के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम हो सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Ad