
टनकपुर (चम्पावत)। शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के सचिव के निर्देशानुसार नैनीताल हाईकोर्ट से आए मोबाइल ई-सेवा वाहन के माध्यम से टनकपुर में तीन स्थानों पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं सिविल जज (जूनियर डिवीजन) श्रीमती रुचिका नरूला की अध्यक्षता में वार्ड नंबर 1 शारदा घाट, वार्ड नंबर 4 रेलवे स्टेशन तथा ग्राम मनिहारगोठ में शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत तथा न्यायालय से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही जेनरिक दवाओं के महत्व, उनकी किफायती कीमत और उपयोगिता के बारे में बताया गया। लोगों को नशे से होने वाली गंभीर समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई।
इस दौरान नालसा की ओर से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता तथा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
शिविरों में पीएलवी अमित कुमार, किरण जोशी, किरण गहतोड़ी, शमशाद बानो, प्रकाश चंद्र तथा प्रो बोनो इजहार अली ने प्रतिभाग किया।



