
टनकपुर (चम्पावत)। अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टनकपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के सचिव के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं को बाल विवाह के विरोध में जागरूक किया गया और इसके खिलाफ आवाज उठाने की शपथ दिलाई गई।
शिविर में बताया गया कि संयुक्त राष्ट्र (UN) ने वर्ष 2012 से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने की शुरुआत की थी। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा और समानता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक असमानता और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों एवं अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही बालिकाओं को उच्च शिक्षा प्रदान करने और समाज में उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
शिविर के आयोजन में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती बिंदु, विधिक विभाग की अध्यापिका रेणु तथा विद्यालय की समस्त अध्यापिकाओं का सहयोग रहा।
इस अवसर पर पीएलवी (पराविधिक स्वयंसेवक) अधिकार मित्र बिजेंद्र अग्रवाल, किरन जोशी, सुनील कुमार और अंजू बोहरा उपस्थित रहे।


