

टनकपुर/चम्पावत। मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया मतदान के बाद मतगणना के साथ संपन्न हुई। दोपहर एक बजे तक मतदान हुआ, जिसके बाद करीब दो बजे से मतगणना शुरू कराई गई। मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताते हुए महाविद्यालय परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और महाविद्यालय प्रशासन पर मिलीभगत से फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने दोबारा मतगणना कराने के साथ ही मतदान के दौरान की सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की।
मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता महाविद्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों और कर्मचारियों को बाहर जाने से रोकने को लेकर भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देर शाम तक महाविद्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही।
देर रात महाविद्यालय प्रशासन द्वारा चुनाव परिणाम की सूची जारी की गई। जारी परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के ध्यान सिंह ने 15 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर संदीप सिंह, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर रितिका और सचिव पद पर सुशील जोशी ने जीत हासिल की।
इसके अलावा संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी की रिया आर्या, कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की नीतू बिष्ट तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई की बबीता विजयी घोषित की गईं।



