पत्रकारों को मिलने जा रही हाईटेक सौगात, करीब 14 करोड़ की लागत से बनेगा मीडिया सेंटर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा ने लिया धरातल का रूप, चार मंजिला हाईटेक मीडिया सेंटर का निर्माण शुरू➡️ जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा की जा रहीं है मॉनिटरिंग.

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत) । सीमांत क्षेत्र के पत्रकारों को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक मीडिया सेंटर की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से चार मंजिला हाईटेक मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। मीडिया सेंटर के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब धरातल पर कार्य भी शुरू हो चुका है। निर्माण स्थल पर बेसमेंट की खुदाई का कार्य प्रारंभ हो गया है।
हाईटेक मीडिया सेंटर को आधुनिक पत्रकारिता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें हाई-स्पीड इंटरनेट सहित अत्याधुनिक संचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सेंटर में पत्रकारों के लिए दो कम्युनिटी हॉल, दो गेस्ट हाउस, वीआईपी सूट, 50 सीटर कॉन्फ्रेंस रूम तथा पार्किंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इससे स्थानीय पत्रकारों के साथ-साथ बाहर से आने वाले मीडिया प्रतिनिधियों को भी बेहतर कार्यस्थल और ठहरने की सुविधा मिल सकेगी।
इसमें पत्रकारों के लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी, कंप्यूटर सिस्टम, कॉन्फ्रेंस रूम और प्रेस ब्रीफिंग के लिए विशेष स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। माँ पूर्णागिरि मेले में दूर दराज से आने वाले पत्रकारों के अलावा सीमांत के धारचूला, पिथौरागढ़, चम्पावत के अलावा उत्तराखंड के दूर दराज से आने वाले पत्रकारों को बेहतर सुविधा मिलने की सम्भावना जताई जा रहीं है।
➡️ जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दी निर्माण कार्य की जानकारी……………..
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि हाईटेक मीडिया सेंटर के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और वर्तमान में बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा है।
मीडिया सेंटर के अस्तित्व में आने के बाद पत्रकारों को समाचार संकलन, प्रेस कांफ्रेंस, बैठक, प्रशिक्षण एवं अन्य मीडिया गतिविधियों के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा।
➡️ पत्रकार संगठन की पहल रंग लाई………………
हाईटेक मीडिया सेंटर की यह सौगात पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही मांग और जिला पत्रकार संगठन द्वारा किए गए प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। पत्रकार संगठन ने क्षेत्र के पत्रकारों की सुविधाओं और आवश्यकताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर अत्याधुनिक मीडिया सेंटर की मांग प्रमुखता से उठाई थी।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब यह मांग निर्माण कार्य के रूप में धरातल पर उतर चुकी है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मीडिया सेंटर आने वाले समय में सीमांत क्षेत्र की पत्रकारिता को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
चार मंजिला भवन के पूरा होने के बाद यह केंद्र न केवल पत्रकारों के लिए कार्यस्थल उपलब्ध कराएगा, बल्कि विभिन्न मीडिया गतिविधियों, संवाद और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
➡️स्थानीय जनता को भी मिलेगा लाभ……………….
यहाँ बनने वाले कम्यूनिटी हॉल का लाभ न केवल पत्रकारों को बल्कि स्थानीय जनता को भी मिलेगा, जिससे क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए एक बड़ा स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

Ad