
बनबसा (चम्पावत)। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और सीमांत क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के उद्देश्य से माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति टनकपुर ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में समिति की अध्यक्ष दीपा देवी एवं सचिव बाबूलाल यादव ने बनबसा में नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं शहरी विकास विभाग की दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने, पॉलीथिन उन्मूलन, व्यापक वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।समिति ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संकल्प लिया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा क्षेत्र चम्पावत को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक आदर्श एवं अग्रणी क्षेत्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे। समिति का उद्देश्य केवल स्वच्छता अभियान चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक कर स्वच्छता, हरियाली और प्रकृति संरक्षण को जनजीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना भी है।दर्जा राज्य मंत्री ने समिति के प्रयासों को सराहा…दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतर कार्य करने के लिए समिति के प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में प्रभावी पहल करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को जनसहभागिता से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। समिति के पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जनहित में निरंतर कार्य करने का भरोसा दिलाया।नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से भी की मुलाकात.पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को धरातल पर उतारने और स्थानीय निकाय के सहयोग से ठोस पहल करने के उद्देश्य से समिति के पदाधिकारियों ने नगर पंचायत बनबसा के अधिशासी अधिकारी दीपक चंद्र बुढलाकोटी से भी मुलाकात की। इस दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, पॉलीथिन के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने, पौधरोपण को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में आपसी समन्वय स्थापित करने के संबंध में सार्थक चर्चा हुई। समिति ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण की सफलता तभी संभव है, जब सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित हो। इसी सोच के साथ समिति क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए प्रतिबद्ध है।स्वच्छता, हरियाली और जनजागरूकता बनेगी अभियान की पहचान…..अध्यक्ष दीपा देवी नें कहा माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति का संकल्प है कि टनकपुर और बनबसा सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पॉलीथिन उन्मूलन और वृक्षारोपण को व्यापक जनसहयोग के साथ आगे बढ़ाया जाए। समिति पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करना चाहती है, जिनसे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित प्राकृतिक विरासत मिल सके।समिति की इस पहल को क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समिति ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी के बल पर चम्पावत विधानसभा क्षेत्र को स्वच्छता एवं हरियाली की दिशा में एक नई पहचान दिलाई जा सकती है।



